इंदौर, भोपाल और उज्जैन को छूट नहीं मिलेगी, जहां कोई मरीज नहीं वहां भी व्यापारिक गतिविधियां धीरे-धीरे शुरू होंगी, प्रदेश में अब नहीं बिकेगा गुटखा


भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा है कि प्रदेश में सबसे ज्यादा संक्रमित इंदौर, भोपाल और उज्जैन में 20 अप्रैल से कोई छूट नहीं दी जा रही है। जहां कोई मरीज नहीं है वहां भी धीरे-धीरे व्यावसायिक गतिविधियां शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर जहां जैसी स्थिति है वहां संक्रमण को रोकने के लिए वैसे ही उपाय किए जाएंगे। और अन्य गतिविधियों में छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिकने वाले गुटखा पाउच पर तुरंत प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जा रहा है। इससे लोग सड़कों पर कहीं भी थूक नहीं सकेंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनौती तो है, पर हमें प्रदेश को नए सिरे से खड़ा करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर इंस्पेक्टर देवेंद्र चंद्रवंशी को मरणोपरांत कर्मवीर पुरस्कार दिया जाएगा। इसी के साथ उनकी पत्नी सुषमा को विभाग मे सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की लड़ाई के परिणाम आना शुरू हो गए हैं। मरीजों की संख्या में कमी आई है। लेकिन, चुनौती बढ़ी है।