इंदौर में शाम 4 बजे से 7 किमी मार्ग पर पंगत में बैठकर 10 लाख लोग करेंगे भोजन


इंदौर। पितृ पर्वत पर विराजे पितरेश्वर हनुमान के नौ दिनी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन मंगलवार को नगर भोज के साथ होगा। इसमें बड़ा गणपति से लेकर पितरेश्वरधाम तक सात किलोमीटर मार्ग में दस स्थानों पर भोजन कराया जाएगा। हर स्थान पर एक लाख लोगों को भोजन कराया जाएगा। इसमें रामभाजी, पूड़ी और नुक्ती परोसी जाएगी। इसके लिए एक हजार महिलाओं समेत 10 हजार लोग लगेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि शिव पुराण और रामकथा के साथ सग्रहमख अतिरुद्र महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद पितरेश्वर हनुमान को भोग लगाकर शाम 4 बजे से नगर भोज शुरू होगा। इसमें हर स्थान पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। संभवतः नगर भोज का ये देश का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसमें सड़क के एक तरफ भोजन कराया जाएगा।