स्मार्ट सिटी द्वारा स्वीमिंग पुल, इंटीग्रेटेड कमांड एण्ड कंट्रोल व शी-लाउंज के साथ ही अब तक 8 निर्माण कार्य पूर्ण किये गये


उज्जैन। उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा अब तक आठ निर्माण कार्य पूर्ण करा लिये गये हैं। इनमें 10.5 करोड़ की लागत से ओलम्पिक साईज के स्वीमिंग पुल एवं किड्स पुल का निर्माण, 3.04 करोड़ की लागत से स्मार्ट क्लासरूम, 8.82 करोड़ की लागत से तीन पावर सोलर प्लांट शामिल हैं। स्मार्ट सिटी द्वारा वर्तमान में मृदा (महाकाल रूद्र सागर एकीकृत विकास योजना), भूमिगत डक्टिंग के साथ स्मार्ट रोड्स, स्वीमिंग पुल फेज-2 एवं स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, कोठी रोड पर मयूर वन तथा नूतन स्कूल व गणेश नगर स्कूल आदि पर काम जारी है।


कलेक्टर श्री शशांक मिश्र ने यह जानकारी देते हुए बताया कि स्मार्ट सिटी द्वारा उज्जैन को आधुनिक एवं सुन्दर शहर बनाने के लिये 43 प्रोजेक्ट्स पर काम जारी है। इसमें से आठ निर्माण कार्य पूर्ण कर लिये गये हैं। उन्होंने बताया कि निगम मुख्यालय के पीछे विश्व स्तरीय सुविधा से पूर्ण 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ अलग से ब्लॉक व प्रशासनिक भवन सहित ओलम्पिक साईज का स्वीमिंग पुल निर्मित किया गया है। यही नहीं शी-लाउंस योजना के अन्तर्गत महिलाओं के लिये नानाखेड़ा, फ्रीगंज में सार्वजनिक विश्राग गृह बनाये गये है। इन शी-लाउंज में प्रसाधन, मातृ कक्ष, विश्राम कक्ष, रेस्टोरेंट एवं एटीएम उपलब्ध कराया गया है। इसी तरह जिले के पांच सरकारी स्कूलों में 97 स्मार्ट क्लासरूम प्रारम्भ किये गये हैं। अंबोदिया, गऊघाट एवं उंडासा वाटर पम्पिंग स्टेशन पर तीन पावर सोलर प्लांट लगाये गये हैं, जिससे कि बिजली की खपत में कमी हो रही है। उज्जैन शहर में नि:शुल्क डिजिटल सेन्टर प्रारम्भ किया गया है, जो इस्कॉन मन्दिर के पीछे स्थित है। यहां पर अत्याधुनिक तकनीक से युक्त डिवाइस जैसे लेपटॉप्स किंडल, स्मार्टफोन, मेकबुक इत्यादि उपलब्ध है। महानन्दा क्षेत्र में 1.7 किलो मीटर साइकिल ट्रेक एवं फुटपाथ का निर्माण किया गया है। मेला कार्यालय में ग्राउण्ड फ्लोर पर इंटीग्रेटेड कमांड एण्ड कंट्रोल सेन्टर बनाया गया है। इसके द्वारा शहर के सभी क्षेत्रों पर निगरानी रखी जा रही है। आधुनिक यातायात प्रबंधन किया जा रहा है, कचरा प्रबंधन किया जा रहा है एवं नागरिकों को सुरक्षा प्रदान की जा रही है।